छत्तीसगढ़: पुलिस और नक्सलियों में मुठभेड़, दो नक्सली डेर

Update: 2016-09-24 14:19 GMT
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड में मारे गये दो नक्सली 

रायपुर (भाषा)। छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित बस्तर जिले के घने जंगलों वाले पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड में शनिवार को दो नक्सली मारे गये। बस्तर के पुलिस अधीक्षक आरएन दास ने बताया कि बरगम थाना के अशांत संगुएल वन क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मुठभेड़ हो गयी।

उन्होंने बताया, ‘‘स्थानीय मुखबिरों ने सूचित किया था कि उग्रवादियों का एक समूह एक शीर्ष माओवादी नेता को लेने इंद्रावती नदी पार करने के बाद बस्तानार घाटी की ओर जा रहा है। राज्य खुफिया शाखा को भी इसी तरह की जानकारी मिली थी।’’ इस जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए जिला रिजर्व समूह (डीआरजी), छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) और जिला बल की एक संयुक्त टीम ने क्षेत्र में नक्सल रोधी अभियान शुरु किया।

सुरक्षाबलों ने संगुएल गाँव के पास माओवादियों को रोका, जिसके बाद भीषण मुठभेड़ शुरु हो गयी। उन्होंने बताया कि दोनों ओर से लगभग एक घंटे तक गोलीबारी हुई, जिसके बाद नक्सली घने वन क्षेत्र में भाग गये। दास ने बताया कि इसके बाद क्षेत्र में की गयी तलाशी में दो पुरुष माओवादियों के शव, एक राइफल, एक एसबीएमएल बंदूक और कुछ अन्य चीजें बरामद हुईं।

Similar News